Friday, September 11, 2026
Homeउत्तराखंड14 सितंबर को डीएम करेंगे नशा मुक्ति अभियान का शुभांरभ, 30 सितंबर...

14 सितंबर को डीएम करेंगे नशा मुक्ति अभियान का शुभांरभ, 30 सितंबर तक चलेगा नशामुक्ति का विशेष शपथ अभियान

‘नशामुक्त भारत अभियान’ (एनएमबीए) के अंतर्गत जनपद देहरादून में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध जनजागरूकता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 14 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक विशेष शपथ अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान 14 सितंबर को प्रातः 11 बजे ऋषिपर्णा सभागार में इस अभियान का शुभारंभ करेंगे।

नशा मुक्ति अभियान के तहत जनपद के शैक्षणिक एवं कोचिंग संस्थानों, विश्वविद्यालयों, छात्रावासों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों, होटल एवं होम स्टे सहित विभिन्न संस्थानों में व्यापक स्तर पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ दिलाई जाएगी।

अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के समस्त महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राजकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग संस्थानों तथा छात्रावासों में छात्र-छात्राओं को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।

इसी प्रकार समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निगम कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली जाएगी। ग्राम पंचायतों, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में स्थानीय नागरिकों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को भी अभियान से जोड़ते हुए शपथ दिलाई जाएगी।

उद्योग विभाग द्वारा जनपद में संचालित औद्योगिक इकाइयों, फैक्ट्रियों, निर्माण इकाइयों एवं कॉर्पाेरेट कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर वहां कार्यरत श्रमिकों एवं कार्मिकों का सामूहिक शपथ ग्रहण सुनिश्चित किया जाएगा तथा अभियान की सूचना निर्धारित प्रारूप में संकलित की जाएगी।

मुख्य शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में जनपद के समस्त राजकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों, आवासीय विद्यालयों सहित कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों, कार्मिकों एवं संबंधित व्यक्तियों को नशामुक्त भारत अभियान से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन शपथ दिलाई जाएगी। समस्त खंड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने विकासखंडों के विद्यालयों की संकलित सूचना उपलब्ध कराएंगे।

जिला पर्यटन अधिकारी द्वारा जनपद में संचालित छात्रावासों, होम स्टे एवं होटलों में भी शपथ अभियान आयोजित कराते हुए प्रमाण-पत्रों का संकलन किया जाएगा। वहीं, जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर सहित अन्य खेल प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए सामूहिक ऑनलाइन/ऑफलाइन शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन शपथ लेकर प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। सभी संबंधित विभागों, संस्थानों एवं इकाइयों से शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं, कार्मिकों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है। साथ ही शपथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं निर्धारित प्रारूप में संकलित सूचना संबंधित विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों से अपील की गई है कि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments