Thursday, July 16, 2026
Homeउत्तराखंडहरेला पर्व पर नगर निगम का हरित संकल्प: महापौर सौरभ थपलियाल ने...

हरेला पर्व पर नगर निगम का हरित संकल्प: महापौर सौरभ थपलियाल ने किया अभियान का शुभारम्भ, मिशन पोषण संकल्प के तहत लाखों सब्जी पौधों के वितरण की शुरुआत

उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम, देहरादून द्वारा “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” थीम के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान का शुभारम्भ नगर निगम परिसर में किया गया

कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल संग पार्षदगणों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ इस अवसर पर नगर आयुक्त आलोक पांडेय एवं नगर निगम के अधिकारीगण , स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे

कार्यक्रम के दौरान महापौर श्री सौरभ थपलियाल ने हरेला पर्व के अवसर पर पौधारोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मेयर थपलियाल ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य का संकल्प है,प्रत्येक नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का दायित्व निभाए, तो देहरादून को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है

नगर निगम द्वारा “मिशन पोषण संकल्प” के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पार्षदगणों के समन्वय से घर-घर जाकर सब्जियों के पौधों का वितरण प्रारम्भ किया गया अभियान के अंतर्गत लगभग 4 से 5 लाख सब्जियों के पौधों का वितरण किया जाएगा, जिससे प्रत्येक परिवार को पोषणयुक्त किचन गार्डन विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा सके।

महापौर ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

*नगर निगम द्वारा आगामी दिनों में विद्यालयों एवं आंगनबाड़ियों में सहजन के पौधों का रोपण, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, *अतिक्रमण मुक्त भूमि* एवं अन्य चिन्हित स्थानों पर वृहद वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत लगभग 70,000 फलदार छायादार एवं चारा प्रजाति के पौधों का रोपण एवं वितरण किया जाएगा

लगाए गए पौधों की जीपीएस मैपिंग एवं ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण कर उनके संरक्षण एवं नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी

नगर निगम ने सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं स्वयं सहायता समूहों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” का लक्ष्य जनसहभागिता से ही साकार होगा। यह अभियान आगामी एक माह तक नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न चिन्हित स्थलों पर चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments