Sunday, November 29, 2026
Homeउत्तराखंडउफरैंखाल को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

उफरैंखाल को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ उफरैंखाल में आज कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा, खेल एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों दी। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय, उफरैंखाल में ₹392.56 लाख की लागत से निर्मित महिला छात्रावास एवं राजकीय इंटर कॉलेज, उफरैंखाल में ₹303.35 लाख की धनराशि से निर्मित विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में ₹177.42 लाख की लागत से बनने वाले खेल मैदान एवं सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उफरैंखाल एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आज का दिन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला छात्रावास बनने से हमारी बेटियों को घर से दूर रहकर भी सुरक्षित वातावरण में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वहीं खेल मैदान और सुरक्षा दीवार के निर्माण से महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। राजकीय इंटर कॉलेज के नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि पर्वतीय एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और युवाओं के अवसरों को लगातार बेहतर बनाया जाए। विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय, उफरैंखाल में स्वामी विवेकानंद जी एवं मां सरस्वती की मूर्तियों का अनावरण भी किया गया। डॉ रावत ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और मां सरस्वती के आशीर्वाद को ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रनिर्माण का प्रेरणास्रोत बताते हुए युवाओं से शिक्षा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

24वें भूमिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में हुए शामिल

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत उफरैंखाल में ग्राम विकास समिति भैड़गांव मल्ला (दिल्ली) पंजीकृत एवं महिला मंगल दल भैड़गांव मल्ला के द्वारा आयोजित 24वें भूमिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट (भूमिया कप–2026) में भी शामिल हुए। उन्होंने आयोजन समिति एवं खेल प्रेमियों को टूर्नामेंट के सफल आयोजन की बधाई देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

महिला मंगल दलों को वितरित की सांस्कृतिक सामग्री

डॉ रावत ने ग्राम सभा डुलमोट की महिला मंगल दलों तथा उफरैंखाल में ग्राम सभा भतपौं, कफलगांव एवं भैड़गांव की महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही महिला मंगल दलों की महिलाओं से संवाद कर उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महिला मंगल दलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और स्थानीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामूहिक सहभागिता से गांवों में सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक संरक्षण और सामुदायिक विकास को नई मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर मंडलअध्यक्ष थलीसैंण, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments