पौड़ी जिले के कोटद्वार के रिखणीखाल ब्लॉक में सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं शामिल थी। जो कि बैंक से कुछ काम निपटाकर लौट रही थीं। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची हैं और रेस्क्यू कार्य चलाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बैंक के काम को निपटाने सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गया और करीब 100 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरा। वाहन में सवार 7 लोगों की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर आसपास से ग्रामीण पहुंचे और शवों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। इस बीच परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि महिलाएं आसपास के गांव की ही थी।
वहीं हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। सीएम धामी ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं
