Monday, October 26, 2026
Homeउत्तराखंडधरने के 161वें दिन भी जारी रहा अनिश्चितकालीन धरना

धरने के 161वें दिन भी जारी रहा अनिश्चितकालीन धरना

मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ उत्तराखंड के बैनर तले एकता विहार धरना स्थल पर आज धरने के 161वें दिन भी बेरोजगार लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। प्रदेश के बेरोजगार लैब तकनीशियन अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

ज्ञात हो कि कल आयोजित रोजगार शव यात्रा एवं मुख्यमंत्री आवास कूच के बाद मुख्यमंत्री के ओएसडी की ओर से आश्वासन दिया गया है कि विधानसभा सत्र के बाद मुख्यमंत्री से लैब तकनीशियनों की स्पष्ट एवं निर्णायक वार्ता करवाई जाएगी।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चंद्र एवं प्रदेश महासचिव मयंक राणा ने कहा कि लैब तकनीशियन लंबे समय से अपने हक और रोजगार की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद यदि इस बार मुख्यमंत्री जी के साथ सकारात्मक वार्ता नहीं होती और मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं की जाती, तो प्रदेश के बेरोजगार लैब तकनीशियन बड़े आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर गंभीरता से निर्णय नहीं लिया, तो राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

संघ ने सरकार से मांग की कि लैब तकनीशियनों की सेवा नियमावली शीघ्र लागू की जाए, IPHS मानकों के अनुसार पर्याप्त पद सृजित कर नियमित भर्ती की जाए, वर्षवार मेरिट के आधार पर पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई जाए तथा भर्ती में वर्षों की देरी के कारण आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु सीमा में छूट दी जाए। साथ ही सरकारी प्रयोगशालाओं के निजीकरण एवं टेंडर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी दोहराई गई।

इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट, कबीर पोखरिया, रजत, कुलभूषण, सिद्धार्थ कुकरेती, रजत, नवनीत, अनूप सहित अन्य लैब तकनीशियन उपस्थित रहे

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments