Thursday, April 9, 2026
Homeउत्तराखंडस्कूलों में प्रवेशोत्सव के तहत 67815 नये छात्रों ने लिया दाखिला

स्कूलों में प्रवेशोत्सव के तहत 67815 नये छात्रों ने लिया दाखिला

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत आयोजित ‘प्रवेशोत्सव’ धूमधाम से मनाया गया। इस विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर के राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 01 से 12 तक 67815 नये बच्चों को दखिला दिया गया। साथ ही नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई पाठ्यपुस्तकें भी वितरित की गई। प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बतौर मुख्यातिथि वर्चुअल माध्यम से जुड़कर ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम का शुभारंभ कर नव प्रवेशित बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया साथ ही उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश भी दिये।

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को प्रदेशभर के विद्यालयों में आयोजित ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम में कक्षा 01 से लेकर कक्षा 12 तक 67815 नये छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया है। जिसमें प्राथमिक स्तर पर 24381 छात्र-छात्राओं ने विद्यालयों में प्रवेश लिया। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर पर 31008 तथा माध्यमिक स्तर पर 12426 छात्र-छात्राओं को विभिन्न विद्यालयों में प्रवेश दिया गया। जिसमें प्राथमिक शिक्षा में कक्षा-1 में 20405 छात्र-छात्रओ, कक्षा-2 में 1447, कक्षा-3 में 958, कक्षा-4 में 849 तथा कक्षा-5 में 722 छात्र-छात्राएं शामिल है। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक के अंतर्गत कक्षा-6 में 28676, कक्षा-7 में 1219 तथा कक्षा-8 में 1113 छात्र-छात्राएं शामिल है। माध्यमिक स्तर पर कक्षा-9 में 11859, कक्षा-10 में 278, कक्षा-11 में 233 तथा कक्षा-12 में 56 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विद्यालयों में प्रवेश लिया। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गई।

बॉक्स
शिक्षा से वंचित न रहे कोई भी नौनिहाल: डॉ धन सिंह रावत

राजकीय विद्यालयों में आयोजित प्रवेशोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने वुर्चअल माध्यम से नवप्रवेशित बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिये सरकार नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यालयों में बेहतरीन शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा रही है। सभी राजकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के साथ ही स्कूलों का डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। इसके अलावा विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर कर स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की जा रहा है। उन्होंने बताया कि नये शिक्षा सत्र के आरम्भ होने पर प्रत्येक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई गई जो कि सरकार की बड़ी उपलब्धि है। डाॅ. रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कार्मिकों से अपील करते हुये कहा कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करें और बच्चों को विद्यालय से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। डाॅ. रावत कहा कि प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ना है और ड्राॅपआउट दर को कम करना है

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments