Sunday, March 15, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड बेरोजगार संघ से बॉबी पंवार का इस्तीफा, राम कंडवाल होंगे कार्यकारी...

उत्तराखंड बेरोजगार संघ से बॉबी पंवार का इस्तीफा, राम कंडवाल होंगे कार्यकारी अध्यक्ष

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष पद से बॉबी पंवार ने इस्तीफा दे दिया है। बॉबी पंवार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एवं कुछ पत्रकारों से वार्ता करते हुए उत्तराखंड बेरोजगार संघ की कोर टीम के सदस्यों को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बॉबी पंवार ने मार्च 2018 से अब तक के अपने संपूर्ण संघर्ष को साझा करते हुए उत्तराखंड बेरोजगार संघ की अनेकों उपलब्धियों को गिनाते हुए इसका सम्पूर्ण श्रेय उत्तराखंड बेरोजगार संघ की समस्त टीम को दिया है। बॉबी पंवार ने कहा कि विगत 7-8 वर्षों के इस संघर्ष में हजारों युवाओं को रोजगार मिला, कई नकल माफियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया, परीक्षाओं में काफी पारदर्शिता आई है, सरकार को मजबूरन नकल रोधी कानून भी प्रदेश में लागू करना पड़ा जिसके लिए उन्हें लगभग डेढ़ दर्जन मुकदमों का सामना आज भी करना पड़ रहा है किन्तु उन्हें प्रसन्नता है कि हजारों युवा, जो आज प्रदेश के विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, वो कहीं न कहीं प्रदेश की बेहतरी के लिए कार्य कर रहे हैं। बॉबी पंवार ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ की समस्त कोर टीम का धन्यवाद एवं आभार प्रकट करते हुए कहा कि संघर्ष के प्रत्येक क्षण में उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के संघर्षशील युवाओं का सहयोग उन्हें मिलता रहा है ओर हर पल उन्होंने मजबूती प्रदान की है जिसे वह ताउम्र नहीं भुला पाएंगे और इतिहास भी उत्तराखंड बेरोजगार संघ के संघर्ष को हमेशा याद रखेगा। बॉबी पंवार ने कहा कि उत्तराखंड बेरोज़गार संघ से जुड़े सैकड़ों युवाओं ने ही उन्हें टिहरी लोकसभा संसदीय सीट से चुनाव लड़ने को मजबूर किया और परिणामतः उन्हें चुनाव लड़ना पड़ा, जिसमें उत्तराखंड बेरोज़गार संघ से जुड़े समस्त युवाओं ने बढ़ चढ़ कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया कि समस्त प्रदेशवासी आज उन्हें एक राजनीतिक चेहरे के रूप में देख रहे हैं तथा प्रदेश भ्रमण में लगातार अत्यधिक व्यस्त रहने के कारण प्रदेश के बेरोजगार युवाओं से जुड़े अनेकों मुद्दे प्रभावित हो रहे हैं । बॉबी पंवार ने कहा कि उत्तराखंड बेरोजगार संघ एक गैर राजनीतिक संगठन है और आगे भी गैर राजनीतिक संगठन के रूप में ही प्रदेश के बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को मुखरता से उठाता रहेगा। इसलिए उन्हें अब पद पर बने रहना सही नहीं लग रहा है, इसीलिए उन्होंने अपने पद से आज इस्तीफा दे दिया है। बॉबी पंवार ने कहा कि कोर टीम के कई दौर की बैठक होने के पश्चात सर्वसम्मति से कोटद्वार निवासी राम कंडवाल को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है और समस्त कार्यकारिणी भंग कर दी गई है तथा अतिशीघ्र उत्तराखंड बेरोजगार संघ की कोर टीम स्वयं आगे की रणनीति तैयार कर नए दायित्वों की जिम्मेदारी अन्य युवाओं को सौंपेगी। बॉबी पंवार ने अपने इस्तीफे के साथ ही युवाओं से जुड़े कई लंबित मुद्दों से संबंधित फाइलें भी उत्तराखंड बेरोज़गार संघ की कोर टीम के सदस्यों को सौंप दी हैं। इस मौके पर राम कंडवाल,सुरेश सिंह,नितिन दत्त ,सजेंद्र कठैत,संजय सिंह, जसपाल चौहान,नवीन चौहान सहित अन्य युवा भी मौजूद रहे

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments